धरसीवां। रायपुर जिले के धरसीवां क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के चर्चित मामले ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो के बाद पूरे मामले की जांच दोबारा चर्चा में आ गई है। वीडियो में पीड़िता के दादा कथित रूप से आरोपी पक्ष से रुपए लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे तथ्यों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। इस मामले में पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। विवेचना के दौरान लापरवाही सामने आने पर सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को निलंबित किया गया था, जबकि आगे की जांच धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान को सौंपी गई थी। जांच में यह तथ्य सामने आए थे कि नाबालिग के कथित परिचित युवक और उसके साथी ने अलग-अलग स्थानों और अलग-अलग समय पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है। घटना के बाद से ही इलाके में यह चर्चा थी कि मामले को प्रभावित करने या दबाने के लिए आर्थिक लेन-देन हुआ है, लेकिन उस समय इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद उन चर्चाओं को नया आधार मिल गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका, साजिश या मामले को प्रभावित करने के प्रयास के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। Post navigation CAF कैंप में जवान ने उठाया खौफनाक कदम, सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली दुर्ग अस्पताल में युवती की मौत पर एक्शन, 9 कर्मचारियों को नोटिस