विधायक कॉलोनी के लिए हटाए जा रहे मकानों का विरोध उग्र हुआ, पुलिस ने वीडियो खंगालकर उपद्रवियों की पहचान शुरू की रायपुर। माना क्षेत्र का नकटी गांव सोमवार को पूरे दिन तनाव, आक्रोश और अफरा-तफरी का केंद्र बना रहा। सुबह प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। कुछ ही घंटों में दर्जनों मकान मलबे में बदल गए। अपने घरों को टूटते देख लोगों का गुस्सा बढ़ता गया और दोपहर बाद हालात इस कदर बिगड़े कि प्रदर्शन हिंसक हो गया। भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस और प्रशासनिक टीम को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई लोगों के घायल होने की सूचना है। रात से ही गांव की घेराबंदी कार्रवाई शुरू होने से पहले ही प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया था। देर रात से बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया। सुबह होते ही राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम जेसीबी मशीनों के साथ गांव में दाखिल हुई और मकानों को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी। घर टूटे तो बिखर गई वर्षों की जमा पूंजी कार्रवाई के दौरान एक-एक कर मकान ढहते गए। लोग जल्दबाजी में अपने घरों से बर्तन, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी सामान निकालते दिखाई दिए। कई परिवार अपने टूटे हुए घरों के सामने खड़े होकर बेबसी से पूरी कार्रवाई देखते रहे। बच्चों की किताबें, महिलाओं का घरेलू सामान और बुजुर्गों की चारपाइयां मलबे के बीच बिखरी नजर आईं। सुबह से विरोध, दोपहर में भड़का गुस्सा शुरुआत में ग्रामीणों ने जेसीबी के सामने खड़े होकर कार्रवाई रोकने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन जैसे-जैसे बुलडोजर आगे बढ़ता गया, भीड़ का आक्रोश बढ़ता गया। कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। फिर अचानक शुरू हुआ पथराव सुबह उजड़े आशियाने… दोपहर में बरसे पत्थर: नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई ने लिया हिंसक मोड़, पुलिस पर हमला, कई घायल#Raipur #NaktiVillage #BulldozerAction #StonePelting #CGNews #JoharPost #BreakingNews #Police #Chhattisgarh #RaipurNews pic.twitter.com/0UYngN7k2r— JOHARPOST.IN (@johar_post) June 29, 2026 स्थिति तब नियंत्रण से बाहर हो गई जब भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पत्थर उठाकर पुलिस बल और प्रशासनिक टीम की ओर फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते मौके पर पत्थरों की बारिश होने लगी। पुलिसकर्मी बचाव करते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर हटे और अतिरिक्त बल को आगे बुलाया गया। घटना में कई पुलिसकर्मियों और कुछ अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वीडियो बना जांच का सबसे बड़ा आधार पूरी घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। पुलिस अब इन्हीं वीडियो, ड्रोन फुटेज और मौके पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का आरोप, प्रशासन का दावा ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं और कई मकान सरकारी योजनाओं के तहत बने हैं। उनका आरोप है कि बारिश के मौसम में कार्रवाई नहीं होने का भरोसा मिलने के बावजूद मकान तोड़ दिए गए। वहीं प्रशासन का कहना है कि जिस भूमि पर कार्रवाई हुई वह सरकारी भूमि है। प्रभावित परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस आवासों में पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत बसाया जा रहा है। गांव में अब भी तनाव पथराव के बाद नकटी गांव में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। Post navigation दुर्ग में सनसनी! आइसक्रीम पार्लर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस के छापे में 3 युवतियां और 3 ग्राहक पकड़े गए सुबह बुलडोजर, रात सड़क पर परिवार… रायपुर के नकटी गांव से दिल दहला देने वाली तस्वीरें