रायपुर में डबल मर्डर के बाद आरोपी का नया VIDEO आया सामने रायपुर। के मोवा इलाके में दो सालियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ जीतू का एक नया CCTV वीडियो सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के कुछ ही देर बाद आरोपी अपोलो मेडिकल स्टोर पहुंचा, जहां उसने पिस्टल लहराते हुए लोगों में दहशत फैला दी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपी मेडिकल स्टोर के अंदर घुसते ही एक ग्राहक को गन दिखाकर गाड़ी की चाबी मांगने लगा। इसी दौरान उसने दुकान के भीतर फायरिंग भी की। गोली चलने की आवाज सुनते ही कर्मचारी और ग्राहक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि राहत की बात रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहा था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। “मम्मी बचाओ… जीजा गोली मार देगा…” मंगलवार रात मोवा बाजार इलाके में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के अंदर से लगातार चीखें सुनाई दे रही थीं। मां सावित्री बाई हाथ जोड़कर दामाद को रोकने की कोशिश करती रहीं, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घर में चीख-पुकार मच गई थी— “मम्मी बचाओ… जीजा गोली मार देगा…” कुछ ही सेकेंड में गोलियों की आवाज से पूरा घर दहल उठा। आरोपी ने अपनी दोनों सालियों गीतांजलि वर्मा और दुर्गेश्वरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों बहनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटी से VIDEO CALL कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी 16 महीने की बेटी से वीडियो कॉल पर बात करना चाहता था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी खिलेश्वरी से विवाद चल रहा था। पत्नी कुछ दिनों पहले बच्ची को लेकर उरकुरा स्थित अपनी बहन के घर चली गई थी। घटना वाली रात आरोपी शराब के नशे में सुसराल पहुंचा और पत्नी को बुलाने की जिद करने लगा। जब परिवार वालों ने बताया कि खिलेश्वरी घर पर नहीं है, तब भी आरोपी जबरदस्ती घर के अंदर घुस गया। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उसने कमर से लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। “अचानक पिस्टल निकाली और फायरिंग शुरू कर दी” मां सावित्री बाई ने बताया कि उस समय घर के हॉल में गीतांजलि सो रही थी। उसने भी आरोपी से कहा कि उसकी बहन घर पर नहीं है, लेकिन आरोपी भड़क गया। कुछ ही पल बाद उसने सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली लगते ही गीतांजलि जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद दूसरी बहन दुर्गेश्वरी छत से नीचे आई। बहन को खून से लथपथ देखकर वह चीखने लगी, तभी आरोपी ने उस पर भी गोली चला दी। गोली उसकी गर्दन के पास लगी और वह वहीं गिर गई। सावित्री बाई ने रोते हुए कहा— “मेरी दोनों बेटियां मेरे सामने तड़पती रहीं… मैं हाथ जोड़ती रही, लेकिन वो नहीं रुका…” पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप आरोपी की पत्नी खिलेश्वरी ने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि शादी के शुरुआती तीन साल तक सबकुछ सामान्य था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद जितेंद्र का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह शराब पीने लगा, छोटी-छोटी बात पर मारपीट करता था और पत्नी के चरित्र पर शक करता था। खिलेश्वरी ने दावा किया कि आरोपी उसकी दोनों छोटी बहनों के साथ भी गलत हरकतें कर चुका था। उसने यह भी कहा कि एक अन्य महिला भी आरोपी की शिकायत लेकर उसके पास पहुंची थी। उसके मुताबिक आरोपी पहले भी कई बार पिस्टल दिखाकर धमका चुका था और घर की दीवारों पर फायरिंग कर चुका था। “मैं डर गई थी… इसलिए बच्ची को लेकर चली गई” खिलेश्वरी ने बताया कि घटना से 5-6 दिन पहले भी आरोपी ने उस पर पिस्टल तान दी थी। इसके बाद वह डरकर बच्ची को लेकर अपनी बहन के घर चली गई। उसे उम्मीद थी कि कुछ दिनों बाद मामला शांत हो जाएगा, लेकिन आरोपी ने उसकी बहनों को ही मौत के घाट उतार दिया। अब परिवार आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहा है। VIP सिक्योरिटी के नाम पर मिला था हथियार का लाइसेंस इस पूरे मामले में आरोपी के पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल अब जांच का अहम विषय बन गई है। पुलिस के मुताबिक जितेंद्र वर्मा ने साल 2020 में हथियार का लाइसेंस लिया था, जो दिसंबर 2026 तक वैध है। उसने खुद को VIP सिक्योरिटी और निजी सुरक्षा से जुड़ा बताकर लाइसेंस हासिल किया था। अब सवाल उठ रहे हैं कि जिस व्यक्ति पर पहले से मारपीट और हिंसक व्यवहार के आरोप थे, उसे आखिर हथियार रखने की अनुमति कैसे मिल गई? गन लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पर उठे सवाल जानकारी के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को हथियार का लाइसेंस देने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन किया जाता है। इसमें आपराधिक रिकॉर्ड, मानसिक स्थिति, स्थानीय थाने की रिपोर्ट और हथियार रखने की जरूरत की जांच होती है। इसके बाद जिला प्रशासन की मंजूरी पर लाइसेंस जारी किया जाता है। लेकिन इस घटना के बाद अब पुलिस और प्रशासन दोनों पर सवाल उठ रहे हैं कि आरोपी के व्यवहार की गंभीरता को पहले क्यों नहीं समझा गया। अब गन लाइसेंस की होगी समीक्षा डबल मर्डर के बाद पुलिस जिले में जारी हथियार लाइसेंसों की समीक्षा करने की तैयारी में है। अधिकारियों का कहना है कि हिंसक प्रवृत्ति, घरेलू विवाद या मानसिक अस्थिरता वाले लोगों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया पर विचार किया जाएगा। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है। Post navigation कवर्धा में रिश्तों का खूनी खेल: कुल्हाड़ी से हत्या, फिर रेप जैसा बनाया सीन, कहीं आपके घर में भी रोज होते हैं ऐसे झगड़े? हो जाइए सावधान नशे का जखीरा : रायपुर में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, आरोपी से पूछताछ जारी