शादी की तैयारी के बीच मातम: चाचा-भतीजे की मौके पर मौत, एक युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मझगवां गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे बैठे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि चाचा और भतीजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि परिवार में शादी समारोह होने वाला था। इसी सिलसिले में चाचा-भतीजा रिश्तेदारों के यहां शादी का निमंत्रण देकर वापस लौट रहे थे। लंबे सफर के दौरान वे मझगवां के पास सड़क किनारे बैठकर कुछ देर आराम कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आई बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर बेहद जोरदार थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस बाइक चालक की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *