दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से एक बच्ची ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।

पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे। घटना के समय वे सुबह करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे।

आरक्षक की पत्नी रीना यादव जिसकी हत्या हुई है।


18 वार महिला पर, 14 वार मासूम पर

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला ने रीना यादव पर करीब 18 बार और सो रहे 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव पर 14 बार चाकू से हमला किया। वारदात इतनी बेरहमी से की गई कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


बेटियों की सूझबूझ से बची जान

हमले के दौरान रीना यादव ने आरोपी का पैर पकड़ लिया और अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा।

  • बड़ी बेटी तानिया (11) किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही।
  • दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई, जिससे उसकी जान बच गई।

सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी।


एक दिन पहले भी पहुंची थी आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी। उस समय ललितेश यादव ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। आरोपी जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।


फेसबुक से शुरू हुआ रिश्ता, शादी तक पहुंचा

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरक्षक और आरोपी महिला के बीच फेसबुक के जरिए संपर्क हुआ था। बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने ही महिला को दुर्ग में रहने के लिए मकान दिलाया था।


सुबह 6:30 बजे पहुंची, 8 बजे तक खत्म कर दी वारदात

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला सुबह करीब 6:30 बजे सामान लेकर घर पहुंची थी। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे के अंदर ही इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।


पुलिस जांच जारी

सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *