स्वास्थ्य और परिवार बना वजह, IAS ने खुद रुकवाई पोस्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने IAS तबादला सूची जारी होने के महज 48 घंटे के भीतर बड़ा बदलाव कर दिया। 6 मई को जारी आदेश में 2012 बैच की IAS अधिकारी पुष्पा साहू को कोरिया जिले का नया कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन उन्होंने पदभार संभालने से पहले ही पोस्टिंग बदलने का अनुरोध कर दिया।

सरकार ने नया आदेश जारी करते हुए उन्हें फिर से सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल के पद पर भेज दिया है। अब कोरिया जिले की नई कलेक्टर 2016 बैच की IAS रोक्तिमा यादव होंगी।

परिवार और स्वास्थ्य बना वजह

खुद अफसर ने बताई ट्रांसफर की वजह

पुष्पा साहू ने बताया कि उन्होंने पारिवारिक और स्वास्थ्य कारणों से पोस्टिंग बदलने का आवेदन दिया था। सरकार ने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया।

हालांकि, 48 घंटे के भीतर आदेश बदलने से प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। आमतौर पर कलेक्टर पोस्टिंग लंबे विचार-विमर्श के बाद तय होती है, ऐसे में जॉइनिंग से पहले ही बदलाव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक बदलाव से कई कुर्सियां हिलीं

RUSA की जिम्मेदारी भी बदली

रोक्तिमा यादव को पहले उच्च शिक्षा आयुक्त के साथ राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। लेकिन अब उनके कलेक्टर बनने के बाद यह जिम्मेदारी 2019 बैच की IAS रीता यादव को सौंप दी गई है।

2 दिन पहले हुआ था बड़ा फेरबदल

43 IAS अधिकारियों की बदली गई थी जिम्मेदारी

बुधवार को राज्य सरकार ने 43 IAS अधिकारियों के तबादले किए थे। सात जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति हुई थी और कई बड़े विभागों में भी जिम्मेदारियां बदली गई थीं।

इसी सूची में पुष्पा साहू को कोरिया कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन अब सरकार को दो दिन के भीतर संशोधित आदेश जारी करना पड़ा।

कौन हैं पुष्पा साहू

डिप्टी कलेक्टर से IAS तक का सफर

बिलासपुर की रहने वाली पुष्पा साहू ने प्रशासनिक करियर की शुरुआत डिप्टी कलेक्टर के रूप में की थी। राज्य प्रशासनिक सेवा से प्रमोट होकर उन्हें 2017 में IAS अवार्ड हुआ। उन्होंने पंचायत, वन, चिकित्सा शिक्षा और खनिज विभाग समेत कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *