रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। होटल वेनिंगटन कोर्ट के प्रबंध निदेशक (MD) उमेर ढेबर का WhatsApp अकाउंट हैक कर लिया गया। इसके बाद साइबर ठग उनके अकाउंट से परिचितों और रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर ₹48 हजार की तत्काल मदद के नाम पर पैसे मांगने लगे।

जानकारी के मुताबिक, उमेर ढेबर के मोबाइल पर “ब्लू डाट कंपनी” के नाम से एक कॉल आया था। उन्होंने जैसे ही कॉल रिसीव किया, कुछ ही समय बाद उनका WhatsApp अकाउंट उनके नियंत्रण से बाहर हो गया। इसके बाद हैकर्स ने उनके WhatsApp कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजकर यह कहते हुए ₹48 हजार ट्रांसफर करने की मांग शुरू कर दी कि उन्हें तत्काल पैसों की जरूरत है।

परिचितों को किया सतर्क

मामले की जानकारी मिलते ही उमेर ढेबर ने अन्य माध्यमों से अपने परिचितों को सूचना दी कि उनके WhatsApp अकाउंट से भेजे जा रहे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें।

साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई शिकायत

WhatsApp अकाउंट हैक होने के बाद उमेर ढेबर सीधे साइबर क्राइम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ अकाउंट हैक?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हैकर्स ने किस तकनीक का इस्तेमाल कर WhatsApp अकाउंट पर कब्जा किया। साइबर एक्सपर्ट कॉल, फिशिंग लिंक, OTP फ्रॉड या अन्य तकनीकी तरीकों की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े