अंबिकापुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिठीकला में एक पति ने अपनी 3 महीने की गर्भवती पत्नी के साथ ऐसी क्रूरता की, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आरोपी पति ने पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की रेती (औजार) डाल दी। गंभीर हालत में पत्नी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही आरोपी पति शव छोड़कर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिठीकला निवासी 23 वर्षीय हीराबाई ने प्रदीप अगरिया से लव मैरिज की थी। गुरुवार दोपहर किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद प्रदीप अगरिया ने पत्नी के साथ बर्बरता शुरू कर दी। आरोप है कि उसने हीराबाई को बुरी तरह पीटा और उसके साथ अमानवीय अत्याचार किया।

जब हीराबाई बेसुध हो गई, तब आरोपी उसे बाइक पर बांधकर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। अस्पताल में उसने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी सड़क हादसे में घायल हुई है। जांच के दौरान डॉक्टरों ने हीराबाई को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलते ही प्रदीप अगरिया मौके से बाइक लेकर फरार हो गया।

परिजनों के नहीं पहुंचने पर पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार को परिजन अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोट के 16 गंभीर निशान मिलने की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी और फोरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर के कमरे और मुख्य दरवाजे के पास खून जमा मिला। घर के सामानों पर भी खून के छींटे पाए गए। पुलिस को ऐसे निशान भी मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घायल महिला को घसीटते हुए बाहर निकाला गया था।

मामले में सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि दंपति की 5 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी आंखों के सामने पिता को मां के साथ बेरहमी से मारपीट करते देखा। बच्ची डर और दहशत में घर के एक कोने में दुबकी रही।

सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि आरोपी प्रदीप अगरिया की गिरफ्तारी के लिए अंबिकापुर सीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *