विजय सिन्हा /गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार को उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब उदंती अभ्यारण के कोर जोन में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। विरोध इतना बढ़ गया कि उपनिदेशक वरुण जैन और वन कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मामला उदंती अभ्यारण के सीतानदी रेंज अंतर्गत जैतपुरी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अभ्यारण्य प्रशासन ने कोर क्षेत्र में अतिक्रमण के आरोप में 166 लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया था। सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। कुछ लोगों ने जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन उनके बयान दर्ज नहीं हो सके थे।

बताया जा रहा है कि नोटिस मिलने के बाद कई आरोपियों ने न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इसके बाद वन विभाग ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद गांव में नाराजगी और तनाव बढ़ गया।

सोमवार को वन विभाग की टीम ग्रामीणों के बयान दर्ज करने जैतपुरी गांव पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और कुछ लोगों ने वन विभाग की टीम का घेराव कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान उपनिदेशक वरुण जैन और वन कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई।

घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पूरे मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *