बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला पर अपने प्रेमी की हत्या कराने का आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि महिला ने अपने प्रेमी को मिलने के बहाने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद 3-4 युवकों के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को आरोपियों ने कुएं में फेंक दिया। बाद में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान दिलीप कडियम के रूप में हुई है। पूरा मामला बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक साल से था प्रेम संबंध

परिजनों के अनुसार, दिलीप कडियम का पिछले करीब एक साल से बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि बाद में दिलीप को महिला के विवाहित होने की जानकारी मिल गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात का सिलसिला जारी रहा।

मिलने के बहाने घर बुलाया

परिजनों का आरोप है कि 5 जुलाई को महिला ने दिलीप को शांतिनगर स्थित अपने घर मिलने के लिए बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो घर में पहले से 3-4 युवक मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दिलीप पर हमला कर दिया गया।

आरोप है कि पहले उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया, इसके बाद धारदार हथियार से गंभीर हमला किया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

घायल अवस्था में कुएं में फेंका

परिजनों का कहना है कि हमले के बाद आरोपियों ने घायल दिलीप को कुएं में फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने उसे कुएं से बाहर निकाला।

गंभीर हालत में पहले उसे बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने महिला और उसके साथ मौजूद युवकों पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मिरतुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *