रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अफीम और डोडा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना आमानाका क्षेत्र के अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने खड़े ट्रेलर से पुलिस ने 79.30 ग्राम अफीम और 4 किलो 432 ग्राम डोडा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 15 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेलर क्रमांक PB-05-AB-9313 का चालक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सुनियोजित तरीके से टीम गठित कर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह पिता धरम सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी खानोवाल थाना अजनाला जिला अमृतसर पंजाब हाल पता हीरापुर ज्ञान भारती स्कूल के पास जनता क्वार्टर मकान नंबर 1026 थाना कबीर नगर रायपुर बताया।

तलाशी के दौरान ट्रेलर वाहन से प्लास्टिक पन्नी में रखी 79.30 ग्राम अफीम और बोरी में भरा 4 किलो 432 ग्राम डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और परिवहन में इस्तेमाल किया गया ट्रेलर भी जब्त कर लिया।

कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन में एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी देवांश सिंह राठौर और एसीपी ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आमानाका की टीम ने की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 150/26 के तहत धारा 15(B) और 18(B) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *