रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। दिल्ली से पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे ‘प्रोफेसर गैंग’ और कुख्यात ‘भूतनाथ गैंग’ से जुड़े थे, जिसका अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन नाइजीरियन नेटवर्क से है। ड्रग्स दुबई से होकर गुजरात और दिल्ली के रास्ते रायपुर पहुंचती थी। कोरियर, डिजिटल पेमेंट और ‘डेड ड्रॉप सिस्टम’ जैसे आधुनिक तरीकों से सप्लाई की जाती थी। इस नेटवर्क का मुख्य निशाना युवा वर्ग था।

‘भूतनाथ गैंग’ से सप्लाई होती थी ड्रग्स
आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली में सक्रिय कुख्यात ‘भूतनाथ गैंग’ से ड्रग्स लेकर कोरियर सर्विस के जरिए रायपुर और अन्य शहरों में सप्लाई करते थे। जांच में पता चला कि ‘भूतनाथ’ नाम का आरोपी असल में विदेशी नागरिक है और नाइजीरियन नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

मास्टरमाइंड दिल्ली में बैठे थे
जांच में सामने आया कि इस ड्रग्स सिंडिकेट के मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा दिल्ली से पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे। एमडीएमए, पार्टी पिल्स और अन्य सिंथेटिक ड्रग्स को कोरियर और डिलीवरी सिस्टम से रायपुर पहुंचाया जाता था।

दुबई से दिल्ली होते रायपुर तक ड्रग्स की रूट
पुलिस के मुताबिक, ड्रग्स की खेप पहले दुबई से भारत आती थी। गुजरात में रिफाइनिंग के बाद दिल्ली पहुंचती थी। इसके बाद ‘भूतनाथ गैंग’ के जरिए कोरियर नेटवर्क से रायपुर और अन्य राज्यों में सप्लाई होती थी।

डेड ड्रॉप और डिजिटल पेमेंट से चकमा
आरोपियों ने बताया कि ड्रग्स सप्लाई के लिए Dead Drop सिस्टम, डिजिटल पेमेंट और लोकेशन शेयरिंग का इस्तेमाल किया जाता था। ग्राहक सुनसान जगहों पर रखे ड्रग्स को वहां से उठाते थे।

रैपिडो राइडर से किया जाता था डिलीवरी
सिंडिकेट के सदस्य दिल्ली से कोरियर के जरिए ड्रग्स रायपुर भेजते थे। वहां आरोपी कुणाल मंगतानी ड्रग्स रिसीव कर रैपिडो राइडरों के जरिए अलग-अलग जगहों पर पहुंचाते थे।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 साल में 50+ आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने पिछले 6 साल में 50 से ज्यादा आरोपी पकड़े हैं। करोड़ों रुपए की ड्रग्स जब्त हुई हैं। पंजाब के एक मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया गया।

युवाओं को निशाना बना रहा नेटवर्क
पुलिस का कहना है कि यह सिंडिकेट खासकर युवाओं को टारगेट कर रहा है। सोशल मीडिया, कोडवर्ड और पार्टी कल्चर के जरिए नशे का जाल फैलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *